जम्मू कश्मीर में पहलगाम टेरर अटैक के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लिए हैं। सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी ने अटारी-वाघा बॉर्डर चेकपोस्ट बंद करने का फैसला किया है। पाकिस्तान के सभी राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। भारत में सभी पाकिस्तानियों का वीजा रद्द करने का भी फैसला किया है। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौता भी रद्द करने का ऐलान किया है।
सिंधु जल समझौते पर रोक
भारत ने पहलगाम अटैक के बाद पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते पर रोक लगा दी है। अब भारत पाकिस्तान को सिंधु का पानी नहीं भेजेगा। सिंधु जल संधि 1960 से चली आ रही थी, लेकिन भारत ने अब इसे रोक दिया है।
अटारी बॉर्डर चेकपोस्ट बंद करने का फैसला
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि भारत ने पाकिस्तान सीमा पर अटारी-वाघा चेक पोस्ट भी बंद करने का निर्णय लिया है।
1 मई से पहले वापस जाने के निर्देश
भारत ने अटारी चेक पोस्ट तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया है। जो लोग वैलिड डॉक्यूमेंट्स के साथ पहले ही चेक पोस्ट पार कर चुके हैं, उन्हें 1 मई से पहले वापस जाने के निर्देश दिए गए हैं। जो पाकिस्तान गए हैं वे 1 मई से पहले भारत लौटेंगे। जो पाकिस्तान से आए हैं उन्हें भी 1 मई से पहले अपने देश लौटना पड़ेगा।
पाकिस्तान में भारत के उच्चायोग में 55 की जगह 30 कर्मचारी
भारत ने पाकिस्तान में उच्चायोग में अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या 55 से घटकर 30 करने का ऐलान किया है। कूटनीतिक स्तर पर इसे पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा और कड़ा फैसला माना जा रहा है।
48 घंटे में भारत छोड़ें पाकिस्तानी राजनयिक
भारत ने पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। भारत में पाकिस्तान के सभी सैन्य सलाहकारों को भी 1 हफ्ते में भारत छोड़ने को कहा है। भारत भी अपने सलाहकारों को पाकिस्तान से वापस बुलाएगा। ये फैसला 1 मई तक लागू कर दिया जाएगा।
पाकिस्तानी रक्षा सलाहकार अवांछित व्यक्ति घोषित
दिल्ली में पाकिस्तानी उच्च आयोग में तैनात रक्षा और सैन्य सलाहकारों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ (अवांछित) व्यक्ति घोषित कर दिया है। उन्हें 1 हफ्ते में भारत छोड़ने का आदेश दिया है। भारत भी अपने रक्षा सलाहकारों को इस्लामाबाद से वापस बुला लेगा। ऐसे 5 सहयोगी स्टाफ को भी वापस बुलाया जाएगा।
SAARC वीजा में छूट रद्द
भारत ने SAARC के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को मिली वीजा छूट को रद्द कर दिया है। भारत में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में भारत छोड़ने को कहा गया है.
पाकिस्तानी नागरिकों को SAARC वीजा छूट योजना (SVES) के तहत भारत में आने की परमिशन नहीं होगी। पहले जारी किए सभी SVES वीजा रद्द कर दिए जाएंगे। SVES वीजा पर पहले से भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ना पड़ेगा।
CCS की बैठक में कड़े फैसले
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट मीटिंग (CCS) हुई। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े और कड़े फैसले लिए गए। बैठक करीब ढाई घंटे चली। मीटिंह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, एनएसए अजित डोभाल समेत कई अफसर मौजूद रहे।
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत
पहलगाम में हुए टेरर अटैक में 26 लोगों की मौत हुई। इनमें एक नेपाल का नागरिक भी है। 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। 22 अप्रैल को आतंकियों ने उस वक्त हमला किया जब बैसरन घाटी में बड़ी संख्या में टूरिस्ट मौजूद थे। मृतकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के टूरिस्ट शामिल हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय की भी मौत हुई है।
सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने पहलगाम हमले के संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। इनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा बताए गए हैं। इंटेलिजेंस के मुताबिक हमले का मास्टर माइंड लश्कर-ए तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है, जो पाकिस्तान में है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमले में 5 आतंकी शामिल थे। इनमें से 2 कश्मीरी और 3 पाकिस्तानी आतंकी थे।