नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव का समय आ गया है। ऐसे में चुनावी तारीख की घोषणा कभी भी हो सकती है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दो बड़ी घोषणाएं की है।
दरअसल छत्तीसगढ़ में नगर निगम और नगर पालिकाओं समेत अन्य परिषद में काम करने वाली स्व सहायता समूह की स्वच्छता दीदियों के लिए सीएम विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने स्वच्छता दीदियों को हर माह 8000 रुपए का मानदेय राशि दिए जाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही रायपुर निगम के लिए 2 सौ करोड़ रुपए की बड़ी सौगात दी है। इस बीच साय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज मोदी की गांरटी का एक और काम फिर पूरा किया जा रहा है।
बीते दिनों राज्य की स्वच्छता दीदी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर राजधानी रायपुर के धरना स्थल तूता में धरना प्रदर्शन कर रही थीं। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर यह सभी स्वच्छता दीदी (महिला पुरुष दोनों ) हड़ताल पर बैठे थे। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह घोषणा कर दी।
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। सीएम साय ने प्रदेश में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का शुभारंभ किया है। इस दौरान सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूमिहीन मजदूरों से किए गए वायदे के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी की एक और गारंटी पूरी हो गई है। हमारे छत्तीसगढ़ में बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर करती है लेकिन ऐसे लोग भी हैं जिनके पास कृषि भूमि भी नहीं है और वे कृषि मजदूरी कर जीविकोपार्जन करते हैं। उन्हें ध्यान में रखते हुए भूमिहीन कृषि मजदूर भाई-बहनों से भी एक वादा किया था। हमने कहा था कि उन्हें 10 हजार रुपये सालाना आर्थिक सहायता देंगे। आज हमने इस वादे को पूरा किया है।