4078145881738806504
14271021545470334915

Gwalior News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर बायपास पर शुक्रवार, 23 मई की रात शिवपुरी के बीजेपी विधायक देवेंद्र जैन की कार एक कॉलेज छात्र की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद छात्र की कार डिवाइडर से जा टकराई। इस दौरान विधायक के सुरक्षाकर्मी (पीएसओ) ने छात्रों के साथ सख्ती बरती, जिससे नाराज होकर छात्रों ने पीएसओ के साथ मारपीट कर दी। बताते हैं, इस दौरान पीएसओ ने हवाई फायर भी किया। इतना सब होने के बावजूद मामला पुलिस में दर्ज नहीं किया गया।
विवाद बढ़ने पर विधायक ने पुलिस बुलाई
झगड़ा बढ़ने पर विधायक ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को उनकी कार के साथ झांसी रोड थाने ले गई।  छात्रों की कार भी जब्त कर ली गई। रात 12:30 बजे तक छात्र थाने में बैठे रहे, लेकिन किसी पर मामला दर्ज नहीं हुआ। वहीं, विधायक बिना कोई शिकायत किए शादी समारोह में चले गए।
हवाई फायरिंग की चर्चा, पुष्टि नहीं
कुछ लोगों का कहना है कि विधायक के पीएसओ ने छात्रों को रोकने के लिए हवा में फायरिंग की, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारी इस पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि सामने वाली कार विधायक की थी।
मंत्री की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे विधायक 
जानकारी के मुताबिक, विधायक देवेंद्र जैन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की बेटी की शादी में ग्वालियर आए थे। जब वह रिसॉर्ट से शादी के समारोह की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार ने हाईवे पर यू-टर्न लिया और पीछे से आ रही छात्रों की कार उससे टकरा गई। टक्कर के बाद छात्रों की कार डिवाइडर से जा टकराई। पीछे से आ रही एक और कार भी विधायक की गाड़ी से भिड़ गई।
The post ग्वालियर में विधायक और छात्र की कार में टक्कर: मामला बढ़ा तो छात्रों ने PSO से की मारपीट, देर रात तक थाने में बिठाए रखा appeared first on Thepublic News.